home page

विक्रमशिला सेतु हादसे पर फूटा बेटे का दर्द, पुल निगम पर लापरवाही का आरोप

 | 
विक्रमशिला सेतु हादसे पर फूटा बेटे का दर्द, पुल निगम पर लापरवाही का आरोप


भागलपुर, 26 जून (हि.स.)। बीते दिनों विक्रमशिला सेतु पर हुए दर्दनाक हादसे में पिता की मौत के बाद बेटे का दर्द छलक पड़ा। मृतक विनय कुमार पासवान के पुत्र लक्की कुमार ने पुल निगम और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस हादसे ने उनके पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया है।

उन्होंने शुक्रवार को बरारी थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला है। वहीं समाजसेवी एवं मुखिया अजय कुमार उर्फ लाली मुखिया ने भी पुल निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी विफलता है।

उन्होंने कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिलाधिकारी के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना था कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है। मृतक के पुत्र लक्की कुमार ने भावुक होकर कहा, मेरे पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। घर में मां, एक बहन और मैं हूं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सरकार द्वारा मिलने वाले चार लाख रुपये के मुआवजे से हमारा भविष्य सुरक्षित नहीं हो सकता। हमें न्याय चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

इस घटना ने एक बार फिर विक्रमशिला सेतु की सुरक्षा व्यवस्था और पुल निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर