home page

वोट-चोरी और लोकतंत्र को बचाने की है यह लड़ाई : डॉ. चक्रपाणि हिमांशु

 | 
वोट-चोरी और लोकतंत्र को बचाने की है यह लड़ाई : डॉ. चक्रपाणि हिमांशु


भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष (समतुल्य कैबिनेट मंत्री) डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर इंडिया गठबंधन और 'कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा आयोजित प्रदर्शन का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश इस वक्त आपातकाल जैसी स्थिति से गुजर रहा है और आज जंतर-मंतर पर जो आंदोलन हो रहा है, वह असल में वोट-चोरी और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है।

डॉ. चक्रपाणि ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एस.आई.आर को खत्म करने की मांग को लेकर हो रहे इस प्रदर्शन को दबाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को रोकने के लिए 250 ट्रेनों को प्रभावित किया गया, 45 मेट्रो स्टेशन और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। डॉ चक्रपाणि हिमांशु ने कहा, लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं पर धारा 163 लगाकर लगभग 2,000 लोगों को जबरन गिरफ्तार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आंदोलन के दौरान शहीद के परिवार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली की सड़कों पर घसीटकर गिरफ्तार किया गया। देश में विपक्ष के 302 सांसदों तक की बात नहीं सुनी जा रही है, यहाँ तक कि जंतर-मंतर पर सुप्रीम कोर्ट के वकीलों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त वोट चोरी कर सरकार बना रहे हैं और इसीलिए मोदी-शाह उनके साथ खड़े हैं। आंदोलन को कुचलने के लिए करीब 30 हजार पुलिस बल को तैनात किया गया है।

डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने नरेंद्र मोदी को देश का सबसे अयोग्य प्रधानमंत्री करार दिया। उन्होंने कहा, इन्होंने कोरोना काल में थाली-ताली पिटवाई, टॉर्च जलवाई और नोटबंदी जैसा फैसला थोपा। इनके कार्यकाल में शिक्षा और पूरे देश का निजीकरण कर दिया गया, जिससे देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई। सरकार की रक्षा नीति और सामाजिक नीति पूरी तरह असफल साबित हुई है। डॉ. चक्रपाणि ने कहा कि आज देश में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। लोकतंत्र और चुनाव तंत्र को बचाने के लिए देश के नेताओं, युवाओं और छात्रों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने देश की जनता से अपील की कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर सड़क पर उतरना चाहिए और इस तानाशाही का विरोध करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर