खाद की कालाबाजारी और अतिक्रमण का मुद्दा बीस सूत्री की बैठक में छाया
सुपौल, 21 अगस्त (हि.स.)। प्रतापगंज प्रखंड सभागार में गुरुवार को प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के साथ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर सदस्यों ने अधिकारियों से जवाब मांगा।
खाद की कालाबाजारी का मामला बैठक में सबसे अधिक चर्चा में रहा। इसके अलावा सड़क पर अतिक्रमण, जमीन विवाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की चाहरदीवारी निर्माण और सोलर लाइट की बैटरी चोरी का मुद्दा भी उठाया गया।
खाद की कालाबाजारी को लेकर सदस्य मनीष वर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ खाद विक्रेता बिना जमीन वाले लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रियांशु राज ने बताया कि मिनी ट्रेडर्स, सुरजापुर तथा मीना खाद बीज भंडार, सुखानगर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों को अनुशंसा भेजी गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 30 बोरा यूरिया लदे एक ऑटो को जब्त किया गया था। इस मामले में थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
बैठक में प्रखंड मुख्यालय जाने वाले मार्ग सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण का मामला भी सदस्यों ने उठाया। सदस्यों ने कहा कि सड़क और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
जमीन विवाद से जुड़े मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने सदस्यों को संबंधित विभागों के नियमों और प्रावधानों की जानकारी दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन चाहरदीवारी को लेकर भी बैठक में सवाल उठे। सदस्यों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए इसकी जांच कराने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत संरचना से जुड़े निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार ने सुरजापुर में लगी सोलर लाइट की बैटरियां चोरी किए जाने का मामला उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग स्वयं को कर्मी बताकर सोलर लाइट की बैटरियां खोलकर ले जा रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की कि बैटरियां कौन और किसके आदेश पर खोलकर ले जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश जया ने की। त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार पहली बार बैठक में शामिल हुईं। इस दौरान बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार के अलावा सीओ विकास, बीपीआरओ शिल्पा कुमारी, सीडीपीओ प्रतिमा कुमारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. आनंद कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि सिकंदर सरदार, बीसीओ सितेश झा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रियांशु राज, पुलिस अवर निरीक्षक पूनम कुमारी सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में उपाध्यक्ष संतोष भिंडवार के धन्यवाद ज्ञापन के बाद बैठक समाप्त हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

