home page

गांजे के साथ एक महिला तस्कर गिरफ्तार

 | 
गांजे के साथ एक महिला तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधुसूदनपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महम्मदपुर शीतला स्थान स्थित एक घर में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजे के साथ एक महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

उक्त आशय की जानकारी सोमवार को एसएसपी कार्यालय के हवाले से दी गई। उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशानुसार जिले के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” नामक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में पुलिस मादक पदार्थों की बिक्री वाले हॉट-स्पॉट इलाकों में लगातार छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चला रही है। आज मधुसूदनपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महम्मदपुर शीतला स्थान में शांति देवी (पति- मन्नू तांती) अपने घर में अवैध रूप से मादक पदार्थों का भंडारण कर खरीद-बिक्री का काला कारोबार कर रही हैं।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-02) और मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम ने जब चिह्नित स्थान (महम्मदपुर शीतला स्थान) पर छापेमारी की, तो शांति देवी के घर की विधिपूर्वक तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर से 1.20 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।

इसके बाद आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य धंधेबाजों का भी पता लगाया जा सके।

गिरफ्तार महिला के खिलाफ संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर