महाराजगंज अस्पताल में एनीमिया मुक्त अभियान की शुरुआत
सीवान, 26 मार्च (हि.स.)।हेडिंग: सीवान जिले के महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार को गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से ‘फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज (एफसीएम) इंजेक्शन’ थेरेपी अभियान की शुरुआत की गई। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस अभियान का विधिवत उद्घाटन किया।
स्थानीय स्तर पर सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पहले दिन इस थेरेपी के लिए 40 एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं का चयन किया गया था, जिसमें से 21 महिलाओं को इंजेक्शन दिया गया, जबकि शेष 19 महिलाओं को अगले दिन थेरेपी दी जाएगी।सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि राज्य में गर्भवती महिलाओं के बीच एनीमिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। सीवान जिले में इस कार्यक्रम के संचालन के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल को चयनित किया गया है।
उन्होंने बताया कि पहचान के बाद जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को एफसीएम थेरेपी दी जाएगी। इसके लिए आवश्यक इंजेक्शन, दवाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं, साथ ही प्रशिक्षित डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के आंकड़ों के मुताबिक बिहार में लगभग 63 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया से ग्रसित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 63.9 प्रतिशत तक पहुंच जाता है, जो राष्ट्रीय औसत 52 प्रतिशत से काफी अधिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

