home page

तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ और पिलर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

 | 
तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ और पिलर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर


तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ और पिलर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर


सुपौल, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी उत्तर पंचायत अंतर्गत बिरंची कामत हाट के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ और जमीन के सीमांकन के लिए लगाए गए पिलर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक बाइक से पूरब दिशा की ओर तेज गति से जा रहे थे। बिरंची कामत हाट के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। पहले बाइक सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराई और इसके बाद सीमांकन के लिए लगाए गए पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दूसरे युवक को गंभीर हालत में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मृतक की पहचान अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के टेरही मुसहरी निवासी भुट्टो ऋषिदेव के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी शादी बघेली पंचायत में हुई थी। पत्नी की कुछ साल पहले मृत्यु हो जाने के बाद भी वे ससुराल क्षेत्र में ही रह रहे थे।

हादसे में घायल उनके रिश्ते में साला लगने वाले बघेली पंचायत के वार्ड-5 निवासी रूपेश कुमार बताए गए हैं।बताया गया कि भुट्टो ऋषिदेव ने बघेली के पते पर आधार कार्ड भी बनवा लिया था। शुक्रवार सुबह वे किसी रिश्तेदार के यहां मेहमाननी में जाने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ ही देर बाद सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र