home page

करंट से लगी आग में एक एकड़ गेहूं की फसल जली, किसानों को लाखों का नुकसान

 | 
करंट से लगी आग में एक एकड़ गेहूं की फसल जली, किसानों को लाखों का नुकसान


सुपौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के डहरिया पंचायत वार्ड संख्या 11 स्थित एक खेत में बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिससे करीब एक एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार पीड़ित किसान गोविंद आर्या और शैलेंद्र कुमार को जब आग लगने की सूचना मिली तो वे ग्रामीणों के साथ तुरंत खेत पहुंचे। लेकिन तब तक खेत में खड़ी गेहूं की पकी फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

किसानों ने बताया कि गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और कटाई के लिए तैयार थी। इसी दौरान खेत से होकर गुजर रहे मोटर के बिजली तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे चिंगारी निकलकर सूखी फसल में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।

अगलगी की इस घटना में किसानों को करीब एक लाख रुपये मूल्य की फसल का नुकसान होने का अनुमान है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पीड़ित किसानों ने बताया कि फसल के नुकसान की भरपाई के लिए अंचल कार्यालय और थाना में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र