home page

तेज़ आंधी बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरे पानी,सैकड़ों एकड़ में लगे मकई के पौधे हुए जमींदोज

 | 
तेज़ आंधी बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरे पानी,सैकड़ों एकड़ में लगे मकई के पौधे हुए जमींदोज


अररिया 21 मार्च(हि.स.)।

शुक्रवार की रात आई तेज आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि ने जिले के किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया।तेज आंधी और बारिश के कारण सैकड़ों एकड़ में लगे मकई के फसल पौधों को भारी नुकसान हुआ है।

इसके अलावे गेहूं और सरसों की खेती को भी नुकसान हुआ है।सैकड़ों एकड़ में लगे मकई के फसल पौधे जमींदोज हो गए।तेज आंधी और बारिश के कारण करोड़ों रूपये के नुकसान होने का अनुमान है।

सैकड़ों घरों की छप्पर उड़ गए। तेज आंधी और बारिश के कारण टीन के छत उखड़ गए,जिसके कारण लोग खुले आसमान के नीचे रहने को विवश है।नेशनल हाईवे सहित स्टेट हाइवे और ग्रामीण सड़कों में दर्जनों स्थानों पर पेड़ गिर जाने के कारण यातयात व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है जिसे सामान्य बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कवायद जारी है।वहीं तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली के तारों पर पेड़ और टहनियों के कारण कई इलाकों में रात से ही बिजली आपूर्ति बाधित है,जिसके कारण आमजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इधर तेज आंधी और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से जान माल की क्षति के साथ ही बड़े पैमाने पर मकई,गेहूं और सरसों के फसल को नुकसान पहुंचा है।आम के मंजर और टिकोले तेज हवा में गिर गए हैं।खेत में खड़े फसल जमींदोज हो गए हैं।अररिया के पलासी में तेज आंधी और बारिश के कारण मोबाइल टावर गिर गया।जिले भर में सैकड़ों घरों के छप्पर और टीन उड़ गए।

फारबिसगंज के तिरसकुंड के किसान मुन्ना पांडेय,उमेश पांडेय,बमबम पांडेय, बेलई पोठिया के कृष्णानंद ठाकुर,अजीत ठाकुर,रामानंद ठाकुर,नरपतगंज के बढ़ेपारा पंचायत के प्रसेनजीत कृष्णा,गढ़िया के विनय कुमार ठाकुर,महादेव साह आदि ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण सबसे ज़्यादा मकई के फसल को नुकसान हुआ है।आम के मंजर और टिकोले झड़ गए हैं।किसानों को भारी क्षति हुई है।

तेज आंधी और बारिश के कारण जिले में हुए क्षति को लेकर सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने कहा कि क्षति का आकलन किया जा रहा है।प्रखंड स्तर के अधिकारियों के साथ पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव और अन्य अधिकारियों को क्षति का आकलन करने और रिपोर्ट सबमिट करने का निर्देश दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर