home page

ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 | 
ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


किशनगंज, 30 मार्च (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के ढेकसारा वार्ड नंबर 9 में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय किसान की मौत हो गई। हल जोतने जा रहे किसान पूरन कुमार सिंह की ट्रैक्टर पलटने से मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरन कुमार सिंह सोमवार सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रमाजन नदी के किनारे ढलान से ऊपर चढ़ने के क्रम में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से पूरन कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पूरन कुमार सिंह की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक पूरन कुमार सिंह स्वर्गीय रमेश लाल सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं। वे एक साधारण किसान थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।बताया जाता है कि पूरन कुमार सिंह की शादी करीब 12 वर्ष पहले हुई थी। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 8 और 10 वर्ष की दो छोटी बेटियां हैं। पूरन कुमार सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिवार आर्थिक संकट में घिर गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रमाजन नदी के किनारे का ढलान काफी खतरनाक है, जिससे अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से उक्त स्थान पर सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह