home page

फर्जी रसीद से अवैध वसूली गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

 | 

बक्सर, 08 अप्रैल (हि.स.)। चौसा (बक्सर) के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला लदे ट्रकों से फर्जी रसीद के जरिए अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से नगद राशि और भारी मात्रा में फर्जी रसीद बरामद की गई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यादव मोड़ के पास कुछ लोग ट्रक चालकों को रोककर अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर रामबचन सिंह को मौके से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दानी कुटिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से श्याम बिहारी सिंह और पंजाबी ढाबा के समीप से सैयद शाहनवाज को भी पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 28,900 रुपये नकद और पांच गड्डी फर्जी रसीद बरामद हुई। इन रसीदों पर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्रीय वन अधिकारी की मुहर और हस्ताक्षर अंकित पाए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और ट्रक चालकों को भ्रमित कर उनसे पैसे वसूलता था। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा