सारण में दिवंगत पुलिस अवर निरीक्षक विद्यानंद ठाकुर को दी गई अंतिम विदाई
सारण, 27 अप्रैल (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनत कुमार के निर्देशन में सोमवार को पुलिस केंद्र में दिवंगत पुलिस अवर निरीक्षक विद्यानंद ठाकुर को ससम्मान अंतिम विदाई दी गई।
मूल रूप से खगड़िया के निवासी विद्यानंद ठाकुर का बीते रविवार की हार्ट अटैक के कारण आकस्मिक निधन हो गया था। इस शोकपूर्ण अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई और दो मिनट का मौन रखकर उनकी सेवा को याद किया गया। एसएसपी और अन्य अधिकारियों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा हेतु रवाना किया जिसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है और दुःख की इस घड़ी में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

