home page

किशनगंज में रामनवमी को लेकर उत्साह चरम पर, शहर भगवामय

 | 
किशनगंज में रामनवमी को लेकर उत्साह चरम पर, शहर भगवामय


किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। रामनवमी पर्व को लेकर जिले में उत्साह चरम पर है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाने वाला यह पर्व इस वर्ष 26 मार्च, गुरुवार को मनाया जाएगा।

पर्व को लेकर शहर पूरी तरह भगवा रंग में रंग गया है। हर गली-मोहल्ले और प्रमुख चौराहों पर केसरिया झंडे लहराते नजर आ रहे हैं। शहर के गांधी चौक समेत मुख्य बाजारों और मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। गांधी चौक पर विशेष रूप से भगवा ध्वजों की छटा देखने को मिल रही है, जहां रामभक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। रामनवमी को ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप), बजरंग दल, श्रीराम सेना और वीर शिवाजी सेना सहित अन्य संगठनों के नेतृत्व में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। विहिप और बजरंग दल के तत्वावधान में 26 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। प्रशासन द्वारा भी पर्व को लेकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पर्व को लेकर पूरे शहर में भक्ति और उल्लास का माहौल है, जिससे रामनवमी की महत्ता और श्रद्धा का भाव स्पष्ट रूप से झलक रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह