पूर्व सांसद डॉ. अरुण ने नवादा के दिवंगत चिकिसक डॉ शत्रुघ्न के परिजनों को दी सांत्वना
नवादा, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जहानाबाद के पूर्व सांसद एवं जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ. अरुण कुमार रविवार को उनके परिजनों से मिलने नवादा पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया।
पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने शहर के पुरानी जेल रोड स्थित सावित्री सेवा सदन में उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत चिकित्सक के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक जीवन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि समता पार्टी के दौर से ही उनका पार्टी से गहरा जुड़ाव रहा और वे एक समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. शत्रुघ्न बाबू ने चुनाव भी लड़ा था। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और लगातार जनसेवा में लगे रहे। “वे हम सभी के लिए एक मजबूत स्तंभ थे। उनके निधन से जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई कभी संभव नहीं है,” उन्होंने भावुक होते हुए कहा।
इस मौके पर कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक व्यक्त करने वालों में अधिवक्ता डॉ. साकेत बिहारी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. गरिजेश कुमार, जदयू के राजनीतिक सलाहकार प्रणव पांडे तथा निलोत्पलकांत पांडे सहित अन्य लोग शामिल थे।
डॉ. शत्रुघ्न प्रसाद सिंह के निधन से चिकित्सा जगत के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों ने भी उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

