home page

कटिहार की सभी 230 पंचायतों में आयोजित हुई संध्या चौपाल, 25 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच

 | 
कटिहार की सभी 230 पंचायतों में आयोजित हुई संध्या चौपाल, 25 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच


कटिहार, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले की सभी 230 पंचायतों में शनिवार को लगातार चौथे सप्ताह ‘संध्या चौपाल’ का व्यापक आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का विस्तार करते हुए लगभग 25,000 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की गई, जिससे यह कार्यक्रम जनता और प्रशासन के बीच संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है।

संध्या चौपाल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष शिविर लगाए गए, जिसमें एएनएम, आशा और सीएचओ की सक्रिय सहभागिता से गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में मधुमेह और उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण तथा कुपोषण से बचाव के लिए परामर्श दिया गया। जांच के उपरांत जरूरतमंदों को चिकित्सकीय सलाह और उपलब्ध स्रोतों के माध्यम से निःशुल्क दवाइयों की जानकारी व वितरण भी सुनिश्चित किया गया।

इस आयोजन के दौरान टीबी मुक्त अभियान को भी प्रमुखता से शामिल किया गया, जिसके तहत पूरे जिले में 36 निक्षय मित्रों ने आगे आकर टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए। कटिहार की महापौर ने भी इस सामाजिक सरोकार में हिस्सा लेते हुए मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए और लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करते हुए सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया।

पिछले चार हफ्तों से लगातार आयोजित हो रही इन चौपालों में ग्रामीणों की भागीदारी में लगातार वृद्धि देखी जा रही है और प्रत्येक पंचायत में दो सौ से अधिक लोग पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं व सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इस अभियान की जमीनी प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सभी नोडल पदाधिकारियों को तीन प्रमुख बिंदुओं यानी लाभुकों को मिले वास्तविक लाभ, क्रियान्वयन में सामने आई कमियों और भविष्य में सेवाओं को और बेहतर बनाने के सुझावों के आधार पर नियमित समीक्षा करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि संवाद से समाधान के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह