प्रेमचंद जयंती के अवसर पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
भागलपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर की साहित्य परिषद के तत्वावधान में प्रेमचंद जयंती के अवसर पर सोमवार को को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का विषय आधुनिक भारत में मोबाइल फोन की भूमिका था। यह प्रतियोगिता कॉलेज के एमडब्ल्यू-4 कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मकता तथा साहित्यिक अभिरुचि का उत्कृष्ट परिचय दिया।
प्रतियोगिता का संचालन एवं पर्यवेक्षण कॉलेज के शिक्षक तथा साहित्य परिषद के सदस्य मोहम्मद शहाबुद्दीन, सहायक प्राध्यापक एवं उर्दू विभागाध्यक्ष ने किया।
उन्होंने पूरी प्रतियोगिता को निष्पक्ष, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को बताया गया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 31 जुलाई 2026 को आयोजित प्रेमचंद जयंती के समापन समारोह में प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा के हाथों प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्रेमचंद जयंती के अंतर्गत 24 से 31 जुलाई 2026 तक विभिन्न साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन साहित्यिक गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि, रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा साहित्यिक चेतना का विकास करना है।
विद्यार्थियों ने इन कार्यक्रमों को उत्साहपूर्वक सराहा और बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

