सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में संत रविदास जयंती पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
सारण, 08 अगस्त (हि.स.)। संत एवं कवि रविदास की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में एक निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी लेखनी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने संत रविदास जी के जीवन, दर्शन, सामाजिक समरसता तथा मानवतावादी विचारों पर अपने भावों को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। छात्रों ने अपनी रचनाओं में संत रविदास के समतामूलक समाज के सपने, सामाजिक सद्भाव, श्रम की प्रतिष्ठा और मानव-मानव के बीच जाति-पात व भेदभाव मिटाने के संदेशों को रेखांकित किया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संत परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के प्रति गहरा भाव जगाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जयंती प्रमुख अनिल कुमार आजाद एवं प्रतियोगिता प्रमुख विशाल कुमार आजाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार आज के दौर में भी समाज को समानता, सद्भाव और बंधुत्व की सच्ची प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर राजेश कुमार पाठक, राजेश कुमार, मणि भूषण सिंहा, दर्शना सिंह, नीलू कुमारी, स्वाति, दिलीपपति त्रिपाठी, इंदु कुमारी, रितेश रंजन, प्रकाश कुमार सिंह, मनीष कुमार तथा ऋचा गुप्ता सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

