पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से की शिष्टाचार भेंट
भागलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र ने गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान मंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों, आगामी चुनावी रणनीति तथा बिहार में सड़क एवं पुल अवसंरचना के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन पूर्व में बिहार के पथ निर्माण मंत्री का दायित्व भी निभा चुके हैं। ऐसे में मंत्री इं. शैलेंद्र ने उनके अनुभवों का लाभ लेते हुए विभिन्न विकास परियोजनाओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मंत्री ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को राज्य में निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे, पीएमआरएमसी परियोजनाओं, ब्रिज हेल्थ कार्ड प्रणाली तथा सभी पुलों की ड्रोन आधारित मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलों की ड्रोन समीक्षा के लिए अत्याधुनिक कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पटना में स्थापित किया जा रहा है, जिससे पुलों की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।
इं. शैलेंद्र ने बताया कि वर्तमान में बिहार में लगभग 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सड़क परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही नवगछिया के जाह्नवी चौक से अगुवानी घाट होते हुए पटना तक गंगा के उत्तरी तट पर प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजना पर भी सकारात्मक सहमति बनी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना साकार होने पर उत्तर बिहार की सड़क संपर्क व्यवस्था को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

