home page

रक्षा मंत्री से मिले पथ निर्माण मंत्री

 | 
रक्षा मंत्री से मिले पथ निर्माण मंत्री


भागलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)।

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इं. शैलेंद्र ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार के विकास, जनसेवा, सड़क अवसंरचना तथा विभागीय प्राथमिकताओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।

भेंट के दौरान इं. शैलेंद्र ने पथ निर्माण मंत्री का दायित्व संभालने के बाद विभाग द्वारा किए गए कार्यों, विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति तथा संगठनात्मक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय रक्षा मंत्री को दी।

उन्होंने राज्य में बेहतर सड़क संपर्क, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों से भी अवगत कराया। मुलाकात के बाद इं. शैलेंद्र ने कहा कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता का मार्गदर्शन प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि इस आत्मीय भेंट से उन्हें जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन और अधिक समर्पण, प्रतिबद्धता तथा ऊर्जा के साथ करने की प्रेरणा मिली है। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से बिहार के विकास को नई गति मिलेगी तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर