गुजरात के चिंतन शिविर में शामिल हुए बिहार के पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बिहार की सड़कों व पुलों पर की सार्थक चर्चा
भागलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. शैलेंद्र सोमवार को गुजरात के नर्मदा जिले में आयोजित दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ में शामिल हुए। एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर के दौरान मंत्री ई. शैलेंद्र ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिहार की अवसंरचना और विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर सार्थक चर्चा की। बैठक के दौरान पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ बिहार के जलस्रोतों के पुनर्स्थापन, गाद प्रबंधन, जलाशयों की क्षमता बढ़ाने और गाद की वैज्ञानिक निकासी जैसे गंभीर विषयों पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही उन्होंने भागलपुर में गंगा के कटाव की ताजा स्थिति साझा की।
मंत्री ने क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं जैसे— विक्रमशिला सेतु के जारी पुनर्स्थापन कार्य, इसके समानांतर निर्माणाधीन नए सेतु और अगुआनी-सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहे पुल की प्रगति रिपोर्ट भी केंद्रीय मंत्री के सामने रखी। नवगछिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि इस उच्च स्तरीय चिंतन शिविर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के राज्य मंत्री अजय टम्टा व हर्ष मल्होत्रा सहित विभिन्न राज्यों के पथ निर्माण विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में ई. शैलेंद्र ने नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में गति शक्ति, सड़क सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण, हरित राजमार्ग, टोल सुधार, गुणवत्ता एवं डिजिटल निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान देश की सड़क अवसंरचना को अधिक तेज, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में सभी राज्यों के सर्वोत्तम अनुभवों को साझा किया गया।
वह पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर हर स्तर पर निरंतर संवाद जारी रहेगा। ‘गति शक्ति से प्रगति’ के संकल्प के साथ राज्य में सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास को एक नई दिशा देने के लिए यह सार्थक चिंतन बेहद मददगार साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

