समर्थ पोर्टल से जेपीयू में नामांकन प्रक्रिया शुरू
सारण, 08 जून (हि.स.)। जय प्रकाश विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय के समर्थ पोर्टल क्लाउड आधारित इ आर पी प्रणाली के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है।
कुलपति परमेंद्र कुमार बाजपेई एवं छात्र कल्याण पदाधिकारी प्रोफेसर राणा विक्रम सिंह ने पी आर ओ राजेश पांडे के माध्यम से बताया कि जयप्रकाश विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक सी बी सी एस सत्र 2026-30 के लिए नामांकन जारी है, जिसके तहत 16 मई से अब तक 25 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।
इस बार विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक ही आवेदन में तीन प्रमुख विषयों को चुनने का विकल्प दिया गया है, जिससे प्रथम मेधा सूची में चयन की संभावना बढ़ेगी। जिन छात्रों ने पूर्व में केवल एक विषय चुना था, वे पुनः लॉगिन कर दो अन्य विषय जोड़ सकते हैं।
बिहार सरकार के संकल्प-3 के अंतर्गत विश्वविद्यालय के 28 ऐसे प्रखंडों में जहाँ पहले कोई डिग्री कॉलेज नहीं था 28 नए राजकीय अंगीभूत डिग्री महाविद्यालयों में नामांकन शुरू किया गया है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान करेगी। इन सभी नए कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से शुरू होगा।
इसके अतिरिक्त, स्नातकोत्तर सी बी सी एस सत्र 2026-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 जून से शुरू हो चुकी है, जो लंबित परिणाम वाले और विशेष परीक्षा उत्तीर्ण छात्रों के लिए बेहद लाभकारी होगी। वहीं स्नातक व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए 15 जून तथा स्नातकोत्तर व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए 15 जुलाई से आवेदन शुरू होंगे। साथ ही पैट 2024 की नामांकन प्रक्रिया भी नए दिशा-निर्देशों के तहत शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

