home page

महानंदा नदी में नहाने के दौरान इंजीनियरिंग छात्र डूबा, एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी

 | 

किशनगंज, 08 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के सिमलबाड़ी स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (इंजीनियरिंग कॉलेज) के एक छात्र के महानंदा नदी में नहाने के दौरान डूबकर लापता होने का मामला सामने आया है।

घटना बुधवार की है। लापता छात्र की पहचान पटना जिले के बिहटा निवासी 22 वर्षीय साहिल कुमार साहनी के रूप में हुई है। वह कॉलेज में बीटेक का छात्र था और महाविद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को साहिल अपने दो दोस्तों के साथ सिमलबाड़ी के पास महानंदा नदी में नहाने गया था।

इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। उसके साथ मौजूद दोनों छात्रों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

एसडीआरएफ द्वारा नदी में लापता छात्र की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक चले खोज अभियान के बावजूद छात्र का कोई पता नहीं चल सका था।

घटना के बाद महाविद्यालय परिसर और छात्रावास में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह