जिले के सभी अनुमंडलों में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
सारण, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला प्रशासन ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और यातायात को सुगम बनाने के लिए आज जिले के तीनों अनुमंडलों सदर, सोनपुर और मढ़ौरा में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
सदर अनुमंडल के अंतर्गत छपरा शहर के बाजार समिति, प्रभुनाथ नगर और जोगिनिया कोठी से म्युनिसिपल चौक तक अवैध कब्जे हटाए गए। वहीं सोनपुर अनुमंडल में छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर कार्रवाई हुई, जहाँ करीब 30 ढाबों व होटलों द्वारा एनएच के राइट ऑफ वे में किए गए अवैध संपर्कों को ध्वस्त कर दिया गया।
एनएच एक्ट के उल्लंघन पर यह कार्रवाई की गई है। जबकि मढ़ौरा अनुमंडल के तरैया बाजार में भी प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित थानों को दी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार लोगों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए यह अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

