home page

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर करेंगे राज्यव्यापी आंदोलन

 | 
जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर करेंगे राज्यव्यापी आंदोलन


सारण, 30 अप्रैल (हि.स.)। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रक्षेत्र के सभी अंगीभूत एवं अल्पसंख्यक महाविद्यालयों के कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी में हैं। महासंघ की कार्यकारिणी एवं वृहद परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय के आलोक में कर्मचारी अपनी 15 सूत्री मांगों और लंबित समस्याओं के समाधान हेतु सड़क पर उतरेंगे।

इस संबंध में प्रक्षेत्रीय सचिव अभिषेक कुमार ने विश्वविद्यालय के कुलपति एवं कुलसचिव को आधिकारिक पत्र जारी कर आंदोलन की सूचना दे दी है। वहीं, प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष हरिहरमोहन ने सभी महाविद्यालयों के सचिवों और अध्यक्षों से इस प्रदर्शन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का आग्रह किया है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 06 और 07 मई 2026 को सभी महाविद्यालयों में कर्मचारी काली पट्टी बांधकर सामूहिक धरना देंगे और पूर्ण कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। इसके पश्चात 20 मई 2026 को विश्वविद्यालय मुख्यालय पर कुलपति के समक्ष व्यापक एवं प्रभावी प्रदर्शन किया जाएगा। संघ का स्पष्ट कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार