बिजली कटौती और जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले में बिजली आपूर्ति एवं जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने सोमवार को समर्थकों के साथ समाहरणालय पहुंचकर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सदर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में व्याप्त समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि सदर प्रखंड की बरूआरी, परसरमा परसौनी, बलहा, एकमा सहित कई पंचायतों में हल्की बारिश या हवा चलने के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। कई बार घंटों तक तथा रातभर बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ लोगों के दैनिक कार्य भी बाधित होते हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से इस समस्या का संज्ञान लेकर नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सदर प्रखंड अंतर्गत परसरमा परसौनी पंचायत के परसर्मा गांव में कई सड़कें जर्जर हालत में हैं। कई स्थानों पर सड़क पर तीन से चार फीट तक पानी जमा हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
जलजमाव के कारण ग्रामीणों को घर से निकलने और आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परसरमा गांव की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र निरीक्षण कराकर मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही जिन सड़कों पर बार-बार जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि यदि निर्धारित समय में इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ललित कुमार यादव, लटूर्ण महतो, पप्पू चौधरी, मिश्रीलाल महतो, हरिलाल महतो, दिलखुश सहित अन्य लोग मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

