home page

सारण में आठ वारंटी, तेरह शराब कारोबारियों सहित 46 गिरफ्तार

 | 

सारण, 22 जून (हि.स.)। पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और शराबबंदी कानून को लागू करने के लिए जिले में एक विशेष अभियान चलाया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कुल 46 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में विभिन्न मामलों के आठ वारंटी, शराब पीने के आरोप में ग्यारह, और शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त तेरह धंधेबाज शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में पांच, जुआ अधिनियम में पांच, आर्म्स एक्ट, पोक्सो एक्ट, चोरी तथा अन्य मामलों में एक एक अभियुक्तों को पकड़ा है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अपहृता को सकुशल बरामद किया है। साथ ही एक देशी पिस्टल, एक कार, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल, ताश के पत्ते और 700 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 221.615 लीटर शराब जिनमें 95 लीटर देशी और 126.615 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। वहीं यातायात सुरक्षा के तहत बारह वाहनों से 13,500 रुपये अर्थदण्ड भी वसूला गया।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार