home page

सिल्क उद्योग को मजबूत करने और बुनकरों की आय बढ़ाने के लिए लगातार हो रहा प्रयास: सांसद

 | 
सिल्क उद्योग को मजबूत करने और बुनकरों की आय बढ़ाने के लिए लगातार हो रहा प्रयास: सांसद


भागलपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा संसद में भागलपुर के तसर सिल्क, हथकरघा उद्योग, बुनकरों के कल्याण तथा प्रस्तावित मेगा टेक्सटाइल पार्क से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में वस्त्र मंत्रालय से प्राप्त उत्तर में भागलपुर के विकास और बुनकरों के हित में कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं।

सांसद ने बताया कि भागलपुर के सिल्क उद्योग को मजबूत करने और बुनकरों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भागलपुर में 5.28 करोड़ की लागत से मेगा हथकरघा क्लस्टर का विकास किया गया है। इसके तहत आधुनिक डाई हाउस, डिजाइन स्टूडियो एवं उत्पाद विकास केंद्र तथा 10 ब्लॉक स्तरीय क्लस्टर स्थापित किए गए हैं, जिससे बुनकरों को आधुनिक सुविधाएँ मिल रही हैं।

केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में नए मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की घोषणा की है। योजना के दिशा-निर्देश जारी होने के बाद राज्यों से प्रस्ताव मांगे जाएंगे।

सांसद ने कहा कि वे भागलपुर में मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित कराने के लिए पूरी मजबूती से प्रयास करेंगे। भागलपुर के बुनकरों को अब ऑनलाइन बाजार से भी जोड़ा जा रहा है। उनके उत्पादों की बिक्री के लिए पोर्टल उपलब्ध कराया गया है तथा उन्हें गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस से भी जोड़ा गया है, ताकि वे अपने उत्पाद सीधे सरकारी विभागों और देश-विदेश के ग्राहकों तक पहुँचा सकें। बुनकर मुद्रा योजना के तहत भागलपुर के बुनकरों को आर्थिक सहायता भी दी गई है।

सांसद ने कहा कि भागलपुर का तसर सिल्क और हथकरघा उद्योग हमारी पहचान, संस्कृति और लाखों लोगों की आजीविका का आधार है। मेरा प्रयास है कि हमारे बुनकरों को आधुनिक सुविधाएँ, बेहतर बाजार और आर्थिक सहायता मिले। आने वाले समय में प्रस्तावित मेगा टेक्सटाइल पार्क भागलपुर में स्थापित हो, इसके लिए मैं केंद्र सरकार के समक्ष लगातार मजबूती से पक्ष रखता रहूँगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर