तारडीह प्रखंड के कुर्सो- नदियामी स्थित दुर्गा स्थान में गंदगी से श्रद्धालु परेशान
दरभंगा, 28 फ़रवरी (हि.स.)।जिले में तारडीह प्रखंड अंतर्गत कुर्सो-नदियामी स्थित प्राचीन दुर्गा स्थान इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। भव्य और आस्था के केंद्र इस मंदिर परिसर के ठीक सामने मुख्य द्वार के पास से गुजरने वाली नाला पूरी तरह खुली हुई है, जिसमें प्लास्टिक कचरा, सूखे पत्ते और अन्य अपशिष्ट जमा होकर सड़न पैदा कर रहे हैं।
नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। दिनभर सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए यहां पहुंचते हैं, लेकिन प्रवेश द्वार के समीप गंदगी का अंबार श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है।
स्थानीय दुकानदार संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन न तो प्रशासन की ओर से कोई ठोस और दूरगामी व्यवस्था की गई है और न ही मंदिर ट्रस्ट की ओर से नियमित सफाई की पहल दिखाई देती है।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा स्थान क्षेत्र धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए यहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाना चाहिए। खुले नाले को ढकने, नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था करने और फॉगिंग कराने की मांग की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

