रेलवे का अजूबा कारनामा - सड़क काटकर अर्द्ध निर्मित नाले में करा रहा सीवरेज की नाली का निर्माण*
बक्सर, 12 जुलाई (हि.स.)। दानापुर रेल मंडल के डुमरांव स्टेशन पर रेलवे का एक अजूबा कारनामा देखने को मिल रहा है। जहां टिकट घर के समीप मुख्य सड़क को काटकर अर्द्ध निर्मित नाले में सीवरेज की नाली का निर्माण कराया जा रहा है। जिसको लेकर यात्रियों एवं स्थानीय लोगों में काफी रोष है।
लोगों का कहना है की जब नाला का निर्माण अधूरा है और उसमें पानी की निकासी ही नहीं हो रही है तो ऐसी स्थिति में रेलवे द्वारा सीवरेज से प्रतिदिन निकलने वाले हजारों लीटर गंदे पानी को नाले में डालने के लिए नाली का निर्माण करना लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ करना है। क्योंकि गंदे पानी के ओवरफ्लो से संक्रामक बीमारी का खतरा बढ़ जाएगा।
विदित हो की डुमरांव स्टेशन पर नए पे एंड यूज शौचालय का निर्माण हो रहा है। जहां विभाग द्वारा बिना किसी प्लानिंग और पानी की निकासी का सोचे बिना ही टिकट घर के समीप शौचालय की टंकी का निर्माण करा दिया गया। जबकि पहले टिकट घर के पूर्वी छोर में शौचालय की टंकी बनी थी और वहीं से होकर नाली का निकास था।
वर्तमान में विभागीय लापरवाही के तहत आनन-फानन में शौचालय को चालू करने के लिए मुख्य सड़क को काटकर अर्द्ध निर्मित नाले में नाली का निर्माण कराया जा रहा है। जिसको लेकर स्थानीय निवासी व समाजसेवी राजीव रंजन सिंह सहित अन्य लोगों ने रेलवे के अधिकारियों से इसकी शिकायत की है।
इस बारे में स्थानीय लोगों क कहना है की एक तरफ नाले में पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है तो दूसरी तरफ रेलवे द्वारा सड़क को आधा-अधूरा बनाकर छोड़ दिया गया है।
अभी बरसात का मौसम भी है। जिस पर हल्की बारिश में भी यात्रियों का चलना मुश्किल हो जाता है। उस स्थिति में यदि बारिश की पानी तथा शौचालय का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आएगा। जिससे स्थिति पूरी तरह नारकीय हो जाएगी।
इस बारे में आईओडब्लू महेंद्र रजक का कहना है की नाले की पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इससे किसी को भी घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

