नशे की कृत्रिम खुशी नहीं, लक्ष्य हासिल करने की स्थायी खुशी चुनें युवा : डीएम
सीवान, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नशे की कृत्रिम खुशी के बजाय अपने लक्ष्य हासिल कर स्थायी खुशी प्राप्त करें। नशे से दूरी और जीवन में सफलता ही सच्ची खुशी का आधार है। युवा अपने सपनों को पूरा करने, परिवार में खुशियां लाने और उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए नशे से दूर रहें। ये बातें जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने मंगलवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सीवान में नशामुक्त बिहार अभियान के शुभारंभ पर आयोजित संकल्प सत्र में कहीं।
उन्होंने विद्यार्थियों से शारीरिक फिटनेस के लिए प्रतिदिन एक घंटा समय निकालने की अपील भी की। पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से वीडियो स्ट्रीमिंग के माध्यम से जुड़े राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलायी। उन्होंने युवाओं से अपने उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए नशे से दूर रहने की अपील की।
विद्यार्थियों ने मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर और उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के संबोधन को भी सुना। मुख्य कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने कहा कि युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। नशे के दुष्परिणामों को गंभीरता से समझने की जरूरत है, क्योंकि नशे की लत व्यक्ति के जीवन और भविष्य को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने जीवन को बेहतर बनाने की अपील की।
27 अक्टूबर से 26 नवंबर तक चलने वाले नशामुक्त बिहार अभियान के तहत जिले में विभिन्न चरणों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। पहले चरण में 27 से 31 अक्टूबर तक नगरीय क्षेत्रों में 'नगर की प्रतिज्ञा' अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जायेगा। दूसरे चरण में एक से सात नवंबर तक 'गांव का संकल्प' अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। तीसरे चरण में आठ से 16 नवंबर तक पर्व के दौरान परिवारों के बीच जागरूकता फैलायी जायेगी। वहीं, चौथे चरण में 17 से 25 नवंबर तक 'युवा जोश' अभियान के तहत युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जायेगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों के साथ पौधरोपण किया और उनसे संवाद कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रचार वाहन को भी रवाना किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों और विद्यार्थियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। उत्पाद एवं मद्य निषेध अधीक्षक विपिन कुमार ने अतिथियों का पौधा और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी बालेंदु नारायण पांडेय, प्रभारी जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सत्या सिंह, नेटवर्क इंजीनियर हिमांशु प्रकाश, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह, शिक्षक, विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश दत्त पाठक उपस्थित रहे। मंच संचालन उदय सिंह ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

