नशामुक्त बिहार अभियान: सबौर हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने ली नशा न करने की शपथ
भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से सबौर हाई स्कूल के प्रांगण में मंगलवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मद्यनिषेध विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बिहार को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आह्वान के अनुरूप वर्ष 2029 तक पूरे बिहार को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में आम लोगों को जागरूक करना है। इसी कड़ी में सबौर हाई स्कूल परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इसका सबसे बुरा असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। नशे की लत के कारण परिवारों में आर्थिक संकट, पारिवारिक विवाद और कई तरह की सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में खुद नशे से दूर रहना और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि वे स्वयं तो नशे से दूर रहेंगे ही, साथ ही अपने परिवार, पड़ोस और समाज के लोगों को भी नशामुक्त बिहार बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। मद्यनिषेध विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य लक्ष्य जमीनी स्तर तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना और नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना है। इस अवसर पर राकेश कुमार एडीएम, भागलपुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर वर्ष 2029 तक बिहार को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सबौर हाई स्कूल में बच्चों और शिक्षकों ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में शामिल होकर शपथ ली है, वह सराहनीय है। जब तक समाज का हर वर्ग, विशेषकर युवा और छात्र इस मुहिम से नहीं जुड़ेंगे, तब तक नशामुक्त बिहार का सपना पूरा नहीं हो सकता। हमें मिलकर इस सामाजिक बुराई को खत्म करना होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

