सारण में पुलिस सप्ताह पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
सारण, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अवसर पर पुलिस केंद्र में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशा मुक्त बनाना और विशेषकर युवा पीढ़ी को इसके जानलेवा दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से खोखला करता है, बल्कि यह पूरे परिवार और समाज के विनाश का कारण बनता है। उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएं। आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नशा मुक्ति अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें। नशे के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, परिचारी पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी और पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि उनके आस-पास नशा बेचने या सेवन करने से संबंधित कोई भी जानकारी हो, तो तुरंत सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

