home page

किसान मेला में ड्रोन उड़ाकर किसानों को किया गया जागरूक, मृदा स्वस्थ कार्ड का वितरण

 | 
किसान मेला में ड्रोन उड़ाकर किसानों को किया गया जागरूक, मृदा स्वस्थ कार्ड का वितरण


कटिहार, 25 फरवरी (हि.स.)। आत्मा कार्यालय कटिहार द्वारा संयुक्त कृषि भवन परिसर में दो दिवसीय किसान मेला का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता (राजस्व), संयुक्त निदेशक (शष्य) पूर्णिया प्रमंडल पूर्णिया, जिला कृषि पदाधिकारी कटिहार के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

जिलाधिकारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि विभाग के द्वारा चल रहे योजनाओं को समझने और उनसे लाभान्वित होने की बात कही। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि खेती पूर्व मिट्टी का जाँच कराकर मिट्टी स्वस्थ कार्ड में अनुसंसित उर्वरक की मात्रानुसार खेतो में प्रयोग करें। साथ ही नैनो यूरिया, डीएपी आदि का प्रयोग करें जिससे खेती का लागत मूल्य कम हो और मिट्टी का उर्वरा शक्ति बनी रहे।

मेले में लगाये गए विभिन्न स्टॉलों पर कृषि यंत्रों, तकनीकों का प्रदर्शन किया गया, जिससे किसानों को लाभकारी जानकारी प्राप्त हुई। जिला कृषि पदाधिकारी कटिहार ने समेकित कृषि प्रणाली को अपनाने पर जोर देते हुए कृषि विभाग के योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित करती है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होती है।

इस अवसर पर मृदा स्वस्थ कार्ड का वितरण किया गया, जैविक कोरिडोर योजना अंतर्गत गठित समूह सिरसा दालान फार्मर प्रोडूसर कंपनी के चयनित और प्रगति शील कृषक को उपादान का वितरण किया गया। साथ ही कस्टम हायारिग सेंटर का चाभी प्रगतिशील कृषक को दिया गया।

जिलाधिकारी ने महिला कृषक की अधिक संख्या में भागीदारी की सराहना करते हुए कृषि के क्षेत्र में महिला की महत्वपूर्ण भागीदारी बताई। उन्होंने कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और उनकी भागीदारी से कृषि क्षेत्र में विकास हो रहा है।

मेले में ड्रोन उड़ाकर किसानों को ड्रोन से छिड़काव करने को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही जुट स्टाल पर लगे जुट सामग्री को बारीकी से निरक्षण करते हुए जुट से बने फाइल को विभागीय प्रशिक्षण, बैठक में जूट फाइल का प्रयोग करने का निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह