home page

सीवान के डॉ रूपेश कुमार बने अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव

 | 
सीवान के डॉ रूपेश कुमार बने अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय सचिव


सीवान, 09 मई (हि.स.)। जिले के प्रख्यात नवाचारी उद्यमी एवं स्वर्णकार हितों के प्रबल पैरोकार डॉ. रूपेश कुमार को अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। संघ के राष्ट्रीय महासचिव टी.सी. पोद्दार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर सिंह राजपूत की सहमति से उनकी नियुक्ति की घोषणा की।

डॉ. रूपेश कुमार की नियुक्ति से स्वर्णकार समाज में खुशी की लहर है। जिले के स्थानीय गणमान्य लोगों एवं प्रबुद्धजनों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मालूम हो कि अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ देश के स्वर्णकार समाज का सबसे प्रतिष्ठित और प्राचीन संगठन माना जाता है। इसकी स्थापना वर्ष 1930 में हुई थी और इसका मुख्यालय दिल्ली में स्थित है। यह संगठन स्वर्णकार समाज के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक हितों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य करता रहा है।

संघ देशभर के स्वर्णकार समाज को एक मंच पर लाने के लिए विशेष पहचान रखता है। सोना-चांदी के कारीगरों और व्यवसायियों के अधिकारों की लड़ाई में संगठन ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक प्रभावशाली दबाव समूह के रूप में यह संगठन स्वर्णकार समाज की समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करता रहा है। बताया जाता है कि राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी इस संघ के संरक्षक हैं। डॉ. रूपेश कुमार की नियुक्ति को सीवान समेत पूरे बिहार के स्वर्णकार समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma