home page

डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती सह बिरसा मुंडा स्मृति दिवस समारोह आयोजित

 | 
डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती सह बिरसा मुंडा स्मृति दिवस समारोह आयोजित


सहरसा, 14 अप्रैल (हि.स.)।अनुसूचित जाति जनजाति कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मंगलवार को भारत रत्न संविधान निर्माता डा भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिसअधीक्षक हिमांशु, एसडीओ श्रेयांश तिवारी, एडीएम गणेश कुमार,नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा,नगर निगम मेयर बेन प्रिया, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा, पंचायती राज पदाधिकारी सुनैना कुमारी, पुष्पा कुमारी ने संयुक्त रूप से बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर जात पात को समाप्त करने, समाज को शिक्षित करने के लिए समाज सुधारक के रूप में जाने जाते हैं।उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए शिक्षित बनो,संगठित बनो और संघर्ष करो का नारा दिया।जिलाअधिकारी ने कहा कि जैसे-जैसे समाज शिक्षित हो रहा है। भेदभाव का विचार समाप्त हो रहा है। उनकी जयंती पर बाबा साहब के पद चिन्हों पर बढ़ने का संकल्प करें।

पंचायती राज पदाधिकारी सुनैना कुमारी ने कहा कि बाबा साहब ने जो संविधान बनाया उसे संविधान के अंतर्गत इंसान को इंसानियत रूप में समझने पर बाबा साहब के विचारों को साकार कर सकेंगे।

नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने कहा कि बाबा साहब ने समता बंधुता स्वतंत्रता को बढ़ावा देने के लिए समरस समाज की परिकल्पना करते हुए संविधान में सबों को एक समान अधिकार दिया। बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक है।वे प्रथम कानून मंत्री संविधान निर्माता के रूप में लोकतंत्र की नींव रखी।भगवान बिरसा मुंडा ने उलगुलान आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ी।मेयर बेन प्रिया ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाया।उन्होंने रूढ़िवादी समाज को नया दृष्टिकोण देकर समाज में व्याप्त अशिक्षा एवं कुरीति को समाप्त करने के लिए बाबा साहब के बने मार्ग पर चलकर समाज को नई दिशा मिल सकती है।

सीपीआई नेता ओम प्रकाश नारायण ने कहा कि बाबा साहब ने जिस संविधान की रचना की उसमें देश को धर्म से उपर रखने की बात कही। बाबा साहेब के संविधान के अंतर्गत देश वासियों को चलने की प्रेरणा लेनी चाहिए। अति वांछित लोगों को सरकार द्वारा सभी कल्याणकारी योजना का लाभ पहुंच जाने पर ही बाबा साहब के विचारों को साकार किया जा सकता है।

मंच का संचालन शैलेंद्र स्नेही के द्वारा किया गया। इस मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुनैना कुमारी,वरीय उप समाहर्ता राजू कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, ओम प्रकाश नारायण, उपाध्यक्ष प्रवेश चौधरी, मिथिलेश, सचिव विनोद राम,कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, संयुक्त सचिव विवेक कुमार विभाकर, रवि खन्ना, मुकेश मल्लिक, संजय कुमार,दिनेश राम, सरिता पासवान सहित अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार