हुड़ार महोत्सव में डॉ अमरकांत कुंवर ‘नगर हुड़ार’ सम्मान से सम्मानित
दरभंगा, 02 मार्च (हि.स.)। साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था हिन्दी समाहार मंच के तत्वावधान में स्नेह अगेही शिक्षण संस्थान, शुभंकरपुर में परंपरा के अनुरूप भव्य हुड़ार महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिलेश कुमार चौधरी ने की।
समारोह के दौरान मंच की ओर से डॉ. अमरकांत कुंवर को औपचारिक रूप से ‘नगर हुड़ार’ सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन समाहार मंच के सचिव अमिताभ कुमार सिन्हा ने किया। इस अवसर पर पूर्व नगर हुड़ार नरेंद्र, चंद्रेश, डॉ. हीरालाल सहनी तथा अवकाश प्राप्त उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. श्याम नारायण कुंवर ने उन्हें पादुका सम्मान से सम्मानित किया।
पादुका सम्मान की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए अमरेश्वरी चरण सिन्हा ने कहा कि मंच ने वर्ष 2000 से इस सम्मान परंपरा की शुरुआत की थी। इसके अंतर्गत कथाकार निरंजन, देवीदत्त पोद्दार, डॉ. श्रीनारायण सिंह, शंभु अगेही, डॉ. किरण शंकर प्रसाद, ग़ज़लकार नरेंद्र और चंद्रेश सहित कई साहित्यकारों को सम्मानित किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अमरकांत कुंवर ने कहा कि जिले की प्रतिष्ठित संस्था द्वारा सम्मानित होना उनके लिए गर्व की बात है। वहीं डॉ. श्याम नारायण कुंवर ने कहा कि साहित्यिक संस्थाओं द्वारा इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वस्थ और प्रेरणादायक परंपराओं को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सर्वभाषा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कई साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
महोत्सव में अरुण कुमार वर्मा, डॉ. ओंकार प्रसाद सिंह, आर. के. दत्ता, रमण कुमार झा, कामेश्वर कुमार ओझा, राकेश कुमार सिन्हा, रितेश कुमार और अविनाश कुमार सहित कई साहित्यप्रेमियों ने हुड़ार महोत्सव के उद्देश्य पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में महाकांत प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

