home page

दिल्ली पब्लिक स्कूल सुपौल को शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित सम्मान

 | 
दिल्ली पब्लिक स्कूल सुपौल को शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित सम्मान


सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल, सुपौल को प्रतिष्ठित ब्रेनफीड एडु एक्सपो ग्लोबल स्कूल एक्सीलेंस अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली के द्वारका स्थित यशोभूमि में 22 एवं 23 सितंबर 2026 को आयोजित समारोह में विद्यालय को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र एवं सम्मान-चिह्न प्रदान किया गया।

यह सम्मान विद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता, नवाचारी प्रयासों, दूरदर्शी विद्यालय प्रबंधन तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता के लिए प्रदान किया गया।

समारोह में विद्यालय की ओर से प्रभारी प्रधानाचार्य शुभोजीत बनर्जी ने सम्मान ग्रहण किया। विद्यालय को चार प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्राप्त हुआ। इनमें उत्कृष्ट नेतृत्व एवं दूरदर्शी विद्यालय प्रबंधन, जीवन-कौशल, मूल्य एवं नागरिकता शिक्षा में उत्कृष्टता, तीव्र प्रगति एवं उभरते विद्यालय के रूप में सम्मान तथा भारत के सर्वाधिक प्रेरणादायी एवं नवाचारी विद्यालयों में सम्मान शामिल हैं।

विद्यालय को मिले इस सम्मान से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इसे सामूहिक प्रयास, निरंतर परिश्रम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगा। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व, जीवन-कौशल, नैतिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के विकास पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।

दिल्ली पब्लिक स्कूल सुपौल की इस उपलब्धि को जिले के शैक्षिक क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के मंच पर विद्यालय को मिली यह पहचान सुपौल में गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी शिक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को व्यापक पहचान मिलने का परिचायक है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र