home page

कटिहार पुलिस की दोहरी सफलता: हवाई अड्डा गोलीकांड में दो गिरफ्तार

 | 

कटिहार, 03 जुलाई (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने जिले में हुए दो अलग-अलग आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने नगर (सहायक) थाना क्षेत्र में हुए गोलीकांड मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस की दबिश से एक अन्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। वहीं, दूसरी कार्रवाई में मनिहारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए एक अपराधी को लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ही मामलों में कटिहार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीमों का गठन किया गया था।

एसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एक जुलाई को सहायक थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा परिसर में पानी बहाने को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना में विकास यादव और उनके भाई अखिलेश यादव की पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद अखिलेश यादव के साले बिट्टू यादव और चिट्ठू यादव ने कथित रूप से हथियार से गोली मारकर विकास यादव को घायल कर दिया था।

इस संदर्भ में सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-एक के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए घटना में संलिप्त अखिलेश यादव और उनकी पत्नी निलम देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस की लगातार दबिश के कारण आरोपी चिट्ठू यादव ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

लूट की दूसरी घटना मनिहारी थाना क्षेत्र की है, जहाँ दो जुलाई 2026 को सुबह करीब सवा ग्यारह बजे नारायणपुर पेट्रोल पंप के समीप भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड के संगम मैनेजर सोनू कुमार से दो अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर 54 हजार 70 रुपये लूट लिए थे।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनिहारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन और तकनीकी साक्ष्य के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस ने छापेमारी कर घटना में शामिल मुख्य अपराधी मोहम्मद हामिद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल भी बरामद कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह