home page

गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर पंचायत से शहर तक कंट्रोल रूम स्थापित

 | 
गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर पंचायत से शहर तक कंट्रोल रूम स्थापित


अररिया 04 अप्रैल(हि.स.)। जिले में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थित को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिनेश पासवान एवं सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई सह जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी शम्भू रजक की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित जिला जन सम्पर्क कार्यालय में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू एवं पारदर्शी बनाने को लेकर पंचायत से शहर तक कंट्रोल रूम स्थापित की जानकारी दी गई।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया द्वारा बताया कि जिला पदाधिकारी के दिशा निर्देश में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिले की सभी गैस एजेंसियों पर एक-एक पदाधिकारी और कर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो वितरण प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही, जिले के सभी पंचायतों में पंचायत सरकार भवन में गैस वितरण कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अतिरिक्त, शहरी क्षेत्रों में भी विशेष व्यवस्था की गई है। नगर पंचायत एवं नगर परिषद क्षेत्रों में प्रत्येक तीन वार्डों पर एक गैस वितरण कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, ताकि शहरी उपभोक्ताओं को भी आसानी से सहायता उपलब्ध हो सके।

शनिवार को 17 गैस एजेंसियों पर छापेमारी भी गई। निरीक्षण के दौरान वितरण व्यवस्था, स्टॉक की उपलब्धता एवं उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने की स्थिति की जांच की गई।

उन्होंने कहा कि कि जिले में गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। वर्तमान में 14871 सिलेंडर उपलब्ध है। जिले का औसत डिमांड 7894 है। इसलिए आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष या संबंधित कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर