home page

सीवान जंक्शन पर स्वान दस्ता के साथ सघन चेकिंग अभियान

 | 
सीवान जंक्शन पर स्वान दस्ता के साथ सघन चेकिंग अभियान


सीवान, 07 मार्च (हि.स.)।

सीवान रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के उद्देश्य से शनिवार को सीवान जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में स्वान दस्ता के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान स्वान दस्ता के स्वान ‘रैंबो’ की सहायता से स्टेशन परिसर के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की गई।

यह चेकिंग अभियान ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा अपने स्टाफ के साथ तथा स्वान दस्ता विभाग छपरा के सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव अपने दल और स्वान ‘रैंबो’ के साथ मिलकर चलाया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय , टिकट बुकिंग काउंटर, पार्सल कार्यालय, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल तथा स्टेशन परिसर के आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। स्वान दस्ता की सहायता से प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों, यात्रियों के सामान और लावारिस पड़े बैग व अन्य वस्तुओं की भी सावधानीपूर्वक जांच की गई।

इस दौरान यात्रियों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या जीआरपी को दें। चेकिंग के क्रम में स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और दुकानदारों से भी पूछताछ की गई तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से निगरानी रखी गई।

चेकिंग अभियान के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध, विस्फोटक या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच के बाद स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित एवं सामान्य पाया गया। अभियान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma