home page

खेल रहे मासूम पर कुत्ते ने किया हमला, कई जगह काटकर किया घायल

 | 
खेल रहे मासूम पर कुत्ते ने किया हमला, कई जगह काटकर किया घायल


भागलपुर, 14 जून (हि.स.)।

पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा चौक थाना क्षेत्र के सलीमपुर वैसी जहांगीरपुर गांव निवासी मोहम्मद इरशाद के पुत्र मोहम्मद अलिफियां को एक कुत्ते ने रविवार को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद परिजन में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लाया गया।

परिजन ने बताया कि अलिफियां घर के समीप अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान किसी शरारती बच्चे ने पास में मौजूद एक कुत्ते को पत्थर मार दिया। पत्थर लगने के बाद कुत्ता उग्र हो गया और सामने खेल रहे अलिफियां पर अचानक हमला कर दिया।

कुत्ते ने बच्चे के हाथ को कई जगह दांत से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान बच्चे के हाथ में कई स्थानों पर गहरे जख्म हो गए और काफी खून बहने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर उसे बचाया।

घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान बच्चे के हाथ पर कुत्ते के दांतों के कई निशान पाए गए। चिकित्सक ने आवश्यक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। फिलहाल बच्चे की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। चिकित्सकों ने परिजन को निर्धारित समय पर सभी वैक्सीन लेने और बच्चे की नियमित निगरानी रखने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर