समाहरणालय में गंदगी पर डीएम का डंडा, पान-गुटखा खाने वाले कर्मियों पर सामूहिक जुर्माना
सीवान, 11 मई (हि.स.)। समाहरणालय परिसर में फैली गंदगी, जगह-जगह पान-गुटखा और खैनी थूकने की घटनाओं पर जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कड़ा रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान परिसर की बदहाल साफ-सफाई व्यवस्था देखकर डीएम भड़क उठे और पूरे समाहरणालय के अधिकारियों एवं कर्मियों पर सामूहिक आर्थिक दंड लगाने का आदेश जारी कर दिया।
डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने साफ कहा कि यदि बाहरी लोगों द्वारा गंदगी फैलाने की बात होती तो संबंधित कार्यालय इसकी शिकायत करते। लेकिन किसी भी कार्यालय से ऐसी सूचना नहीं मिली, जिससे यह स्पष्ट है कि या तो अधिकारी और कर्मचारी स्वयं परिसर को गंदा कर रहे हैं या फिर गंदगी फैलाने वालों को रोकने में विफल हैं।
डीएम के आदेश के मुताबिक समूह ‘क’ और ‘ख’ के अधिकारियों से 500 रुपये, जबकि समूह ‘ग’ और ‘घ’ के कर्मियों से 250 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर राशि वसूलकर जिला नजारत शाखा में जमा कराएं।
सबसे सख्त चेतावनी यह दी गई है कि जो अधिकारी या कर्मचारी जुर्माना जमा नहीं करेंगे, उनकी राशि सीधे वेतन से काट ली जाएगी। प्रशासन के इस फैसले के बाद समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया है।
डीएम की इस कार्रवाई को लेकर जिलेभर में चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्ती जरूरी है। वहीं कुछ कर्मियों के बीच इस सामूहिक दंड को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
फिलहाल डीएम की कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब सरकारी कार्यालयों में गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

