home page

डीएम-एसपी ने योजनाओं की प्रगति की सहयोग शिविर में दी जानकारी

 | 
डीएम-एसपी ने योजनाओं की प्रगति की सहयोग शिविर में दी जानकारी


बक्सर, 15 जुलाई (हि.स.)।

समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की अध्यक्षता में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस, जन सुनवाई, टीबी मुक्त भारत अभियान, अभियान बसेरा 2.0, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी-राम जी) तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की जानकारी दी गई।

प्रशासन ने बताया कि अब तक चार सहयोग शिविरों में 4598 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 3925 का निष्पादन किया जा चुका है। जन सुनवाई में मिले 1758 आवेदनों में 837 मामलों का निस्तारण हुआ है। 26 जुलाई को पंचायत विकास दिवस का आयोजन सुशासन युक्त पंचायत थीम पर होगा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत डिजिटल एक्स-रे, सीबीएनएएटी और ट्रूनेट जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं। टीबी मरीजों को प्रतिमाह 1000 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जा रहे हैं तथा निक्षय मित्र योजना के तहत मरीजों को गोद लेने की अपील की गई।

अभियान बसेरा 2.0 के तहत जिले में 499 बंदोबस्ती प्रमाण पत्र वितरण का लक्ष्य है, जिनमें 192 पर्चे तैयार हो चुके हैं। विकसित भारत-जी राम जी मिशन के अंतर्गत जुलाई के पहले नौ दिनों में 858 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराते हुए 4557 मानव दिवस सृजित किए गए।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जिले के 923 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 156 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं और 129 लाभुकों को सब्सिडी मिल चुकी है। वहीं नवंबर 2026 तक 4129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीएसआर के तहत वरुण बेवरेजेज लिमिटेड जिले के आठ तालाबों का जीर्णोद्धार कराएगी, जबकि एसएलएमजी बेवरेजेज स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का संचालन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra