home page

कोसी कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण

 | 
कोसी कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण


कोसी कटाव प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण


सुपौल, 29 जुलाई (हि.स.)। कोसी नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने किशनपुर अंचल के दुबियाही पंचायत के वार्ड संख्या 6 एवं 7 तथा सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की ढोली पंचायत में गृह कटाव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से स्थिति की जानकारी ली और प्रभावित परिवारों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने कटाव से प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथीन शीट्स का वितरण कराया गया, ताकि वे बारिश और अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षित रह सकें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को अन्य जरूरी सहायता भी बिना विलंब उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन कोसी नदी के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला नियंत्रण कक्ष 06473-224005 पर दें। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साहू, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार, किशनपुर एवं सरायगढ़-भपटियाही के अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र