सहयोग शिविर में डीएम ने लिया सेवाओं व शिकायतों के निष्पादन का जायजा
दरभंगा, 18 अगस्त (हि.स.)। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-43 स्थित प्लस टू एम.एल. एकेडमी, लहेरियासराय में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
डीएम ने विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण कर आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा प्राप्त शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन और शिकायत को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उसका त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग के काउंटर पर डीएम ने चिकित्सक से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली और मरीजों व आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। इसके बाद उन्होंने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभागों के काउंटरों का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को नागरिकों को सहज और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने तथा सभी मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही वार्ड पार्षद से स्थानीय समस्याओं और वार्ड की स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने सहयोग शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों को शिविर की सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए। एसएसपी ने लोगों की सुविधा, सुव्यवस्थित आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर उनके निष्पादन की कार्रवाई की जाती है। इससे शिकायतों की ऑनलाइन निगरानी और निष्पादन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ रही है।
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

