home page

डीएम विशाल राज ने बाल अधिकारों की सुरक्षा हेतु अधिकारियों को सौंपी जवाबदेही

 | 
डीएम विशाल राज ने बाल अधिकारों की सुरक्षा हेतु अधिकारियों को सौंपी जवाबदेही


किशनगंज, 29 मई (हि.स.)। जिले में मानव तस्करी पर प्रभावी रोकथाम और बाल अधिकारों की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल राज ने की। बैठक में डीएम ने बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अब बच्चों का रेस्क्यू करने वाली टीम द्वारा ही अनिवार्य रूप से प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी, ताकि मानव तस्करी और बाल अपराध से जुड़े मामलों में अपराधियों के खिलाफ बिना किसी देरी के कठोर कानूनी कार्रवाई हो सके।

डीएम ने सुरक्षित स्थान (POS) में रह रहे किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष मासिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही बाल संरक्षण संस्थानों के जर्जर भवनों की मरम्मत, पेयजल में आयरन की समस्या के समाधान, नियमित फॉगिंग तथा अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपी। बैठक में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी विशेष चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने गणित एवं विज्ञान शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, कक्षा 1 से 8 तक की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने तथा बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सक नामित करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान जिले में लंबित 228 पॉक्सो मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी चर्चा की गई। डीएम ने प्रखंड स्तर पर बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह