home page

कायाकल्प अभियान से बदलेगी पंचायत सरकार भवनों की तस्वीर: आरटीपीएस काउंटर व नागरिक सुविधा पट्ट लगाने का आदेश

 | 
कायाकल्प अभियान से बदलेगी पंचायत सरकार भवनों की तस्वीर: आरटीपीएस काउंटर व नागरिक सुविधा पट्ट लगाने का आदेश


कटिहार, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में 'कायाकल्प अभियान' के तहत सरकारी भवनों के जीर्णोद्धार, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान समेली प्रखंड स्थित पंचायत सरकार भवन, चांदपुर पूर्वी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने भवन की छत, दीवारों, खिड़की-दरवाजों, फर्श की मरम्मत, रंग-रोगन, परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव की बारीकी से जांच की। उन्होंने कार्य एजेंसी को स्पष्ट हिदायत दी कि निर्माण व रंग-रोगन का कार्य निर्धारित मानक और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण जनता का अपना भवन है और यहां आम लोगों को सभी सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलनी चाहिए। इसलिए भवन न केवल बाहर से आकर्षक दिखे, बल्कि अंदर से भी पूरी तरह व्यवस्थित और सुविधायुक्त हो। उन्होंने भवन में सभी विभागों के लिए नाम पट्ट, सूचना पट्ट व नागरिक सुविधा पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने, बैठक हॉल, आरटीपीएस काउंटर और अभिलेखागार को सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही परिसर में वृक्षारोपण, पार्किंग, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, सोलर लाइट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने समेली के प्रखंड विकास पदाधिकारी और चांदपुर पूर्वी के मुखिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जीर्णोद्धार कार्य पूरा कराकर भवन के नियमित रख-रखाव और जनसेवाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार, समेली के बीडीओ व सीओ, चांदपुर पूर्वी के मुखिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह