जिलाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी 49 फरियादियों की समस्याएं
सारण, 09 मार्च (हि.स.)। सबका सम्मान, जीवन आसान के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी द्वारा समाहरणालय में जनता के दरबार में जिलाधिकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न कोनों से आए 49 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए।
अमनौर में करीब 20 परिवारों का रास्ता दबंगों द्वारा बाधित किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल स्थल जांच कर रास्ता खुलवाने का आदेश दिया। मशरक में दखल दिहानी के अदालती आदेश का पालन न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अंचलाधिकारी मशरक को अनुपालन का निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले की स्वयं अपने स्तर से भी सुनवाई करेंगे।
मढ़ौरा के एक बुजुर्ग द्वारा अपने पुत्र पर मारपीट और घर से निकालने की धमकी देने की शिकायत को प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता से लिया। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को भरण पोषण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। राम जानकी पथ परियोजना में दस्तावेज नष्ट होने के कारण रुके मुआवजे के मामले में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को जांच कर भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
दरियापुर में गलत दाखिल-खारिज की शिकायत पर डीसीएलआर सोनपुर को जाँच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मढ़ौरा के एक आवेदक द्वारा सामुदायिक विवाह भवन हेतु जमीन दान देने पर लगने वाले निबंधन शुल्क को माफ करने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाया और प्रखंड विकास पदाधिकारी को अविलंब प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

