home page

महेशपुर पंचायत में डीएम का निरीक्षण

 | 
महेशपुर पंचायत में डीएम का निरीक्षण


सुपौल, 14 मई (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महेशपुर में गुरुवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने एफआर रजिस्ट्रेशन एवं जनगणना (सेंसस) कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले पंचायत में चल रहे एफआर रजिस्ट्रेशन कार्य की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। विशेष रूप से किसान सलाहकार द्वारा किए जा रहे कार्य की गति पर असंतोष जताते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचाने के लिए रजिस्ट्रेशन कार्य का तेजी से निष्पादन बेहद जरूरी है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौजूद अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वालों को चेतावनी देते हुए जिम्मेदारी के साथ काम करने की बात कही।

इसके बाद जिलाधिकारी ने पंचायत में चल रहे जनगणना (सेंसस)कार्य की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश और राज्य के विकास से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें लगे सभी कर्मी पूरी गंभीरता और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सही और समय पर आंकड़े उपलब्ध होना प्रशासनिक योजनाओं और विकास कार्यों के लिए आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई अभिलेखों की जांच भी की तथा मौके पर मौजूद कर्मियों से कार्य प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी प्रकार की देरी न हो।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी पिपरा, अंचलाधिकारी पिपरा, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, किसान सलाहकार तथा जनगणना कार्य में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र