सारण में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय सारण स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को सफल, व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक एक विस्तृत इवेंट कैलेंडर तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत प्रभात फेरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, हेलमेट के साथ बाइक रैली तथा साइकिल रैली जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कला संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत प्रत्येक प्रखंड में 4,000 तिरंगे क्रय किए जाएंगे। साधनहीन परिवारों को झंडे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि सक्षम नागरिकों को स्वयं तिरंगा खरीदकर लगाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। जीविका को राष्ट्रीय ध्वज बनाने का दायित्व दिया गया है।
वहीं सभी सरकारी कार्यालयों को अपने झंडे स्वयं क्रय करने तथा फ्लैग कोड का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय, संकुल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर पर स्कूली बच्चों के बीच विविध प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
15 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की सर्वश्रेष्ठ टीम हर घर तिरंगा थीम पर प्रस्तुति देगी। इसके साथ ही प्रत्येक प्रखंड में सेल्फी स्टैंड विद तिरंगा स्थापित करने और व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बिना चारदीवारी वाले विद्यालयों एवं कार्यालय परिसरों में बायोफेंसिंग या वायर फेंसिंग के जरिए पौधारोपण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से इसे जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला कला, संस्कृति एवं खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ सहित अनेक व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

