home page

जिलाधिकारी ने की टीबी उन्मूलन कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा

 | 
जिलाधिकारी ने की टीबी उन्मूलन कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा


जिलाधिकारी ने की टीबी उन्मूलन कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा


सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कक्ष में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) एवं आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में टीबी मरीजों की पहचान, ट्रू-नैट जांच, एक्स-रे, टीपीटी (टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट) सहित विभिन्न बिंदुओं की प्रखंडवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित टीबी मरीजों की समय पर जांच सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक चिन्हित मरीज का उपचार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 तक टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विभागीय समन्वय, जन-जागरूकता अभियान और नियमित निगरानी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अभियान को मिशन मोड में संचालित करने तथा प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में कार्यरत आरोग्य मित्र एवं स्कैन-एंड-शेयर ऑपरेटरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि जरूरतमंद लोगों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने प्रखंडवार प्रदर्शन में सुधार लाने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सिविल सर्जन, सुपौल, जिला कार्यक्रम समन्वयक-सह-जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जिला स्वास्थ्य समिति), जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत), कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन) तथा टीबी विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र